जापान और भारत को जोड़ता कार्यक्रम "चैरी की देश से", जिसमें श्रोताओं के पत्रों और फ़ेसबुक टिप्पणियों पर हमारी प्रतिक्रिया के साथ होती है जानकारी जापान में बसे भारतीयों की नज़र से आम जन-जीवन और आकर्षणों के बारे में।
तोक्यो में एदो किले के चारों ओर बनी खाई के चिदोरिगाफ़ुचि इलाके में नौका विहार का आनंद लेते लोग। जल से अठखेलियाँ करतीं साकुरा यानि चेरी के फूलों से लदी डालियाँ मन को करती हैं प्रफुल्लित। खाई के पीछे की ओर है भारतीय दूतावास।
हल्के गुलाबी रंग के नाज़ुक मनमोहक साकुरा यानि चेरी पुष्प की यह सबसे मशहूर किस्म है, "सोमेइ योशिनो।" इस मौसम में जापान में कई जगहों पर सड़क के दोनों तरफ क़तारबद्ध वृक्षों पर लदे चेरी के फूलों से बनी सुरंग बहुत ही खूबसूरत दिखती है।
तोक्यो में कितानो-मारु पार्क में चेरी के फूलों की गुलाबी छतरी तले पिकनिक मनाते लोग। प्रकृति की इस सौगात का सभी को रहता है बेसब्र इंतज़ार।