रूसी मीडिया - पुतिन ने किया मारियुपोल का दौरा

रूस की सरकारी मीडिया का कहना है कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने उक्रेन के पूर्वी क्षेत्र दोनेत्स्क में बंदरगाह शहर मारियुपोल का दौरा किया है, जिस पर अब रूस का क़ब्ज़ा है।

गत वर्ष आक्रमण शुरू होने के बाद, रूसी क़ब्ज़े वाले उक्रेन के किसी क्षेत्र में पुतिन का यह पहला कथित दौरा है। रूस ने सितंबर में दोनेत्स्क क्षेत्र पर एकतरफ़ा क़ब्ज़ा कर लिया था।

रविवार की इस यात्रा पर जारी मीडिया रिपोर्ट में रूस के राष्ट्रपति कार्यालय की एक घोषणा का हवाला दिया गया है।

समाचार एजेंसी तास ने कहा कि पुतिन हेलीकॉप्टर से मारियुपोल गये। पुतिन प्रशासन में शहरी विकास के प्रभारी, उप प्रधानमंत्री मारात खुस्नुलिन ने कथित तौर पर राष्ट्रपति को क्षेत्र में आवास निर्माण और चिकित्सा सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

तास ने यह भी कहा कि पुतिन ने शहर में कार चला कर कई स्थानों का निरीक्षण किया और स्थानीय निवासियों से बात भी की।

एजेंसी ने ख़बर दी कि पुतिन, उक्रेनी सीमा पर स्थित रूस के दक्षिणी क्षेत्र रोस्तोफ़ में सैन्य मुख्यालय भी गये, जो मोर्चे के क़रीब है। रूसी सेना के कमांडर और सेना प्रमुख वालेरी गेरासिमोफ़ ने पुतिन को स्थिति का ब्योरा दिया।

शनिवार को पुतिन ने क्रीमिया का भी दौरा किया था, जिसे 2014 में रूस ने उक्रेन से हड़प लिया था।

पुतिन ने ऐसे समय पर ये दौरे किये हैं जब निकट भविष्य में उक्रेन अपने दक्षिणी और पूर्वी भागों में जवाबी हमले शुरू करने के लिए तैयार दिख रहा है।