सुरक्षित दैनिक जीवन सम्बन्धी जानकारी

अपराधों का शिकार बनने से बचें

(1) ख़ुद को पुलिस या दूतावास का अधिकारी बताने वाले ठग

वर्ष 2023 में जापान में रहने वाले अन्य देशों के नागिरकों की संख्या रिकॉर्ड उच्च 32 लाख 20 हज़ार से अधिक हो गयी थी। हाल में विदेशी संदिग्धों से जुड़े मामलों की संख्या में कमी आयी है, लेकिन कई विदेशी नागरिक अपराधों का शिकार बन रहे हैं।

एनएचके दैनिक जीवन में सुरक्षा सुनिश्चित करने से संबंधित सवालों के जवाब दे रहा है। “अपराधों का शिकार बनने से बचें” शृंखला में हम बताएँगे कि विदेशी नागरिक, धोखाधड़ी से ख़ुद को बचाते हुए जापान में कैसे सुरक्षित रह सकते हैं।

जुलाई 2023 में, 20 साल से कुछ अधिक उम्र की एक चीनी छात्रा को एक मोबाइल फ़ोन कंपनी का कर्मचारी होने का दावा करने वाले एक व्यक्ति का फ़ोन आया। चीनी भाषा में बात करते हुए फ़ोन करने वाले ने बताया कि छात्रा का फ़ोन नंबर ठगी में इस्तेमाल किया जा रहा है और उसे चीनी पुलिस से संपर्क करने के लिए कहा गया। निर्देशों का पालन करते हुए छात्रा ने ख़ुद को पुलिस अधिकारी बताने वाले एक व्यक्ति से सम्पर्क किया। उसने छात्रा को बताया कि उसकी पहचान ठगी के एक मामले में संदिग्ध के रूप में की गयी है और उसे एक निर्दिष्ट बैंक खाते में ज़मानत के रूप में 2 करोड़ 40 लाख येन यानि 1,60,000 डॉलर जमा कराने का आदेश दिया। बाद में पता चला कि वह एक घोटाले का शिकार बन गयी थी।

पुलिस का कहना है कि ठगी के ऐसे मामलों की संख्या बढ़ रही है, जिनमें ख़ासतौर पर चीन, वियतनाम और थाइलैंड के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। ठगी के कुछ मामलों में ठग, इन विदेशी नागरिकों के देश की पुलिस या दूतावास के कर्मचारी होने का दिखावा करते हैं और उनसे कहते हैं कि उनके बैंक खाते या पासपोर्ट का किसी आपराधिक गुट द्वारा अवैध रूप से इस्तेमाल किया जा रहा है या उनके निवास दर्जे के नवीनीकरण में समस्याएँ आ रही हैं, जिनके निवारण के लिए वे उन्हें पैसे भेजें।

ऐसे अपराधों से ख़ुद को बचाने के लिए आपको फ़ोन काट देना चाहिए और अपने परिवार, दोस्तों या पुलिस से इस मुद्दे पर सलाह लेनी चाहिए। आपको अनजान नंबरों से आने वाले फ़ोन का जवाब देने से भी बचना चाहिए। (उपरोक्त जानकारी 1 अप्रैल 2024 तक की है।)

(2) निवेश संबंधी ठगी

“अपराधों का शिकार बनने से बचें” शृंखला के दूसरे भाग में बात, निवेश संबंधी ठगी की।

पुलिस के अनुसार ऐसे मामलों की संख्या बढ़ रही है, जिनमें विदेशी निवासी फ़र्ज़ी निवेश में फँसाये जाने की रिपोर्ट लिखवा रहे हैं। एक महिला का कहना है कि उसने जून 2023 में एक ऐसे व्यक्ति द्वारा दिये गए बैंक खाते में कई हज़ार येन जमा कराये, जिससे वह सोशल मीडिया पर मिली थी और जिसने उसके हमवतन होने का दावा किया था। इस व्यक्ति ने महिला को एक वेबसाइट दिखाते हुए कहा कि वह इस पर अच्छा मुनाफ़ा कमा सकती है। पैसे भेजने के बाद जब महिला के खाते में हज़ारों येन आ गये, तो उसने उस व्यक्ति की बातों पर विश्वास करना शुरू कर दिया और कई मौक़ों पर कुछ और पैसे भेजे। हालाँकि, जब महिला ने उस व्यक्ति से अपने कुछ पैसे वापस माँगे, तो उसने कहा कि पैसे वापस पाने के लिए अतिरिक्त धन भेजना होगा। उसके बाद महिला ने कई लाख येन उस खाते में जमा कराये। तभी उस व्यक्ति ने महिला से संपर्क तोड़ दिया, जिसके बाद महिला को अंततः अहसास हुआ कि उसके साथ धोखा हुआ है।

तोक्यो पुलिस का कहना है कि उसे 2023 में संभावित निवेश ठगी के संबंध में विदेशियों से 100 से अधिक शिक़ायतें मिली हैं। संभावित पीड़ितों में सर्वाधिक संख्या चीनी लोगों की रही, जिसके बाद वियतनाम, फिलीपींस और कई अन्य देशों के लोग हैं।

ऐसे घोटालों से ख़ुद को बचाने के लिए हमेशा सावधान रहें और सोशल मीडिया पर दूसरों पर आसानी से भरोसा न करें क्योंकि आप उनकी पहचान सत्यापित नहीं कर सकते। यदि आपको निवेश करने के लिए कहा जाता है, तो पहले अपने परिवार, दोस्तों या पुलिस से परामर्श ज़रूर करें। (उपरोक्त जानकारी 2 अप्रैल 2024 तक की है।)

(3) हवाई टिकट धोखाधड़ी से बचें

“अपराधों का शिकार बनने से बचें” शृंखला के तीसरे भाग में बात, एयरलाइन टिकटों की ख़रीद से जुड़े घोटालों की।

पुलिस का कहना है कि हवाई टिकट ख़रीदने की कोशिश करते समय पैसे ठगे जाने की शिक़ायत करने वाले विदेशियों की संख्या बढ़ रही है। 2023 में एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया पर देखा कि लगभग 2,00,000 येन मूल्य का टिकट, 90,000 येन में बेचा जा रहा था। उसने इलेक्ट्रॉनिक टिकट ख़रीदने के लिए एक निर्दिष्ट खाते में पैसे भेजे। प्रस्थान के दिन, उस व्यक्ति ने उस टिकट से एयरलाइन काउंटर पर चेक-इन करने की कोशिश की, लेकिन उसका टिकट अमान्य पाया गया। तब उसे अहसास हुआ कि वह ठगा गया है।

पुलिस के अनुसार दर्ज किये गए अधिकांश मामलों में पीड़ितों ने अपने टिकट अवैध पाये या उनकी बुकिंग रद्द कर दी गयी और वे अपने पैसे वापस पाने में असमर्थ रहे।

पीड़ितों में सर्वाधिक संख्या चीनी नागरिकों की रही, जिनके बाद वियतनाम और फिलीपींस के लोग धोखाधड़ी के शिकार बने। महिलाओं और कामकाजी वयस्कों के शिकार होने की आशंका अधिक रही। ठगी से हुआ नुक़सान लाखों येन में पाया गया।

इस तरह की धोखाधड़ी से ख़ुद को बचाने के लिए, टिकट खरीदने से पहले इस बात की पुष्टि कर लेनी चाहिए कि विक्रेता एक विश्वसनीय संस्था है या नहीं। सत्यापित करें कि वह लाइसेंस प्राप्त ट्रैवल एजेंसी है या नहीं। संदेह होने पर अपने परिवार, दोस्तों या पुलिस से सलाह लेना न भूलें। (उपरोक्त जानकारी 3 अप्रैल 2024 तक की है।)

(4) मुद्रा विनिमय और विदेशों में धन भेजना

“अपराधों का शिकार बनने से बचें” शृंखला के चौथे भाग में हम बात करेंगे, मुद्रा विनिमय और विदेशों में धन भेजने के बारे में।

अन्य देशों से जापान में रहने आये लोग, मुद्रा विनिमय और विदेशों में धन भेजने से संबंधित वित्तीय सेवाओं का अक्सर उपयोग करते हैं। लेकिन ऐसे लोग बढ़ती संख्या में शिक़ायत कर रहे हैं कि इन सेवाओं का उपयोग करते समय उनके साथ धोखाधड़ी हुई।

पुलिस के पास दर्ज एक मामले में एक महिला को एसएनएस के माध्यम से एक व्यक्ति मिला, जिसने महिला को बहकाया कि वह कमीशन दिये बिना मुद्रा विनिमय करवा सकती है। महिला ने लगभग 1,00,000 येन मूल्य की विदेशी मुद्रा एक निर्दिष्ट खाते में जमा करायी, लेकिन मुद्रा विनिमय नहीं हुआ, और महिला का उस व्यक्ति से संपर्क टूट गया। दर्ज किये गए अन्य मामलों में पीड़ितों को एक निर्दिष्ट स्थान पर एक विशिष्ट व्यक्ति से मिलकर उसे नक़द सौंपने के लिए कहा गया।

पुलिस का कहना है कि 2023 में तोक्यो में विदेशियों ने धोखाधड़ी के 50 से अधिक मामले पुलिस के पास दर्ज कराये। चीनी नागरिक सर्वाधिक संख्या में धोखाधड़ी का शिकार बने। इनके बाद वियतनाम और फ़िलीपींस के कई लोग थे। इन लोगों को कई लाख से लेकर एक करोड़ येन से भी अधिक का नुक़सान उठाना पड़ा।

मुद्रा विनिमय करते समय या विदेशों में धन भेजते समय ऐसे घोटालों से ख़ुद को बचाने के लिए, पहले यह सत्यापित कर लेना चाहिए कि सेवा प्रदाता विश्वसनीय है या नहीं। अगर आपको थोड़ा भी शक़ हो, तो कभी भी धन ट्राँसफ़र न करें और अपने परिवार, दोस्तों या पुलिस से सलाह लेना हमेशा याद रखें। (उपरोक्त जानकारी 4 अप्रैल 2024 तक की है।)

(5) क्रेडिट कार्ड और मोबाइल फ़ोन अनुबंध से जुड़ी धोखाधड़ी

“अपराधों का शिकार बनने से बचें” शृंखला के पाँचवें भाग में बात, क्रेडिट कार्ड और मोबाइल फ़ोन अनुबंध से जुड़ी धोखाधड़ी की।

जब कोई विदेशी नागरिक जापान में क्रेडिट कार्ड पाने या मोबाइल फ़ोन ख़रीदने के लिए जापानी भाषा में आवेदन करता है, तो उसे जापानी भाषा में एक निश्चित स्तर की क्षमता की आवश्यकता होती है। जापान में पुलिस को विदेशी निवासियों से कई शिक़ायतें मिली हैं कि उनके साथ धोखाधड़ी तब हुई, जब उन्होंने एक ऐसी सेवा के लिए आवेदन किया, जिसमें कहा गया कि एक एजेंट उनके स्थान पर अनुबंध करेगा।

कुछ पीड़ितों ने कथित तौर पर क्रेडिट कार्ड अनुबंध एजेंट की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन प्रारूप में अपनी व्यक्तिगत जानकारी दर्ज की। जल्द ही उन्हें भुगतान के लिए कई अनुरोध प्राप्त होने लगे, जिनके बारे में उन्हें कुछ भी पता नहीं था। उन्होंने मामले की जाँच की और पाया कि उनके नाम पर कई क्रेडिट कार्ड बनाये गए थे और उनकी जानकारी के बिना उनका इस्तेमाल ख़रीदारी के लिए किया गया।

एक अन्य मामले में पीड़ितों को सोशल मीडिया पर एक ऐसी सेवा के बारे में पता चला, जो विदेशी नागरिकों को मोबाइल फ़ोन अनुबंध बनाने में सहायता करने का दावा करती है। पीड़ितों ने अपना निवास कार्ड और अन्य दस्तावेज़ एजेंट को सौंपे। उन्हें एक मोबाइल फ़ोन मिला, लेकिन बाद में उन्हें पता चला कि एजेंट ने उनकी सहमति के बिना उनके नाम से कई फ़ोन अनुबंध किये।

इस तरह की धोखाधड़ी का शिकार बनने से बचने के लिए कृपया अपना निवास कार्ड या अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अनजान व्यक्ति को न दें। (उपरोक्त जानकारी 5 अप्रैल 2024 तक की है।)